राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के बाद 63 बिल्डर पुलिस के रडार पर, दो साल की कॉल डिटेल खंगाली जाएगी
संकरी गलियों में बने अवैध बहुमंजिला अपार्टमेंट, कोचिंग सेंटर, अस्पताल और मॉल की भी होगी जांच; पुलिस, केडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम नौ बिंदुओं पर करेगी पड़ताल
कानपुर। पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए भीषण अग्निकांड में दो लोगों की मौत के बाद शहर में संकरी गलियों के भीतर खड़ी अवैध बहुमंजिला इमारतें पुलिस के निशाने पर आ गई हैं। पुलिस ने ऐसे निर्माण कराने वाले 63 बिल्डरों की सूची तैयार की है। अब पुलिस, केडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम इन इमारतों की नौ बिंदुओं पर जांच करेगी। इसके साथ ही सूची में शामिल बिल्डरों के पिछले दो साल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने की तैयारी है। अवैध निर्माण के पीछे बिल्डर, भूमाफिया, फाइनेंसर और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के गठजोड़ की भी पड़ताल होगी।
चमनगंज, बेकनगंज, कर्नलगंज, हीरामन का पुरवा, प्रेमनगर, डिप्टी का पड़ाव, बंगाली मोहाल, गिलिस बाजार, चौक और पटकापुर समेत कई इलाकों में बने पांच से छह मंजिला अपार्टमेंट जांच के दायरे में आएंगे। इसके अलावा संकरी गलियों में संचालित कोचिंग सेंटर, निजी अस्पताल और शॉपिंग मॉल की भी पड़ताल की जाएगी।
पांच फुट चौड़ी सड़क के किनारे बने छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट में तीन दिन पहले आग लगने से दो लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद पुलिस कमिश्नर ने मौके का निरीक्षण कर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दो दिनों में 63 बिल्डरों की सूची तैयार कर केडीए उपाध्यक्ष को अभियान शुरू कराने के लिए पत्र भेजा है।
सूची में हिस्ट्रीशीटर और पूर्व जनप्रतिनिधियों के नाम भी
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि 63 बिल्डरों की सूची केडीए को भेज दी गई है। जल्द ही पुलिस, केडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम अभियान चलाकर बहुमंजिला इमारतों की जांच करेगी। अभियान का नेतृत्व केडीए करेगा, जबकि पुलिस की ओर से डीसीपी पूर्वी नोडल अधिकारी होंगे।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, सूची में कई हिस्ट्रीशीटर और पूर्व जनप्रतिनिधियों के नाम भी शामिल हैं। आरोप है कि कुछ बिल्डर भूमाफिया से सस्ते दामों पर जमीन खरीदकर भवन निर्माण के निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर देते हैं। अब यह भी पता लगाया जाएगा कि ऐसे निर्माणों को किसकी अनुमति मिली और नियमों की अनदेखी के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
दो साल की कॉल डिटेल से तलाशेंगे गठजोड़
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सूची में शामिल सभी 63 बिल्डरों के मोबाइल फोन की दो साल की कॉल डिटेल खंगालने की तैयारी है। इसके जरिए भूमाफिया और फाइनेंसरों के साथ उनके संपर्कों की पड़ताल की जाएगी। साथ ही अवैध निर्माण में केडीए के किन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही, इसकी भी जांच होगी। पुलिस को कुछ सफेदपोश लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
हवाला के लेनदेन की भी होगी पड़ताल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध निर्माण के इस नेटवर्क में बिल्डरों, फाइनेंसरों और भूमाफिया के बीच हवाला के जरिये रकम के लेनदेन की आशंका जताई जा रही है। सूची में शामिल कुछ बिल्डरों के सफेदपोश लोगों से कथित वित्तीय लेनदेन के साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन तथ्यों की जांच कर रही है। पिछले करीब दस वर्षों में शहर के पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों की संकरी गलियों में बड़ी संख्या में अपार्टमेंट बनाए गए हैं। अब इन निर्माणों के साथ उनकी वित्तीय और प्रशासनिक कड़ियों की भी पड़ताल की जाएगी।
इन नौ बिंदुओं पर होगी जांच
1. अपार्टमेंट की जमीन किसकी है और निर्माण में पैसा किसने लगाया?
2. भवन का नक्शा पास है या नहीं और नक्शा स्वीकृत कराने में केडीए के किन अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका रही?
3. पार्किंग, लिफ्ट और अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं?
4. इमारत के लिए ट्रांसफार्मर किस प्रक्रिया से स्वीकृत कराया गया?
5. अपार्टमेंट के सामने सड़क की वास्तविक चौड़ाई कितनी है?
6. फुटपाथ पर अतिक्रमण करके निर्माण तो नहीं किया गया?
7. इमारत कब और किस वजह से सील हुई तथा किसकी अनुमति से सील खोली गई?
8. निर्माण नजूल या सरकारी जमीन पर तो नहीं किया गया?
9. बेसमेंट का निर्माण मानकों के अनुरूप है या वहां नियमों के विपरीत कारखाना संचालित हो रहा है?
सूची में शामिल बिल्डरों के नाम
पुलिस की ओर से तैयार सूची में शौकत पहलवान (कर्नलगंज), नूरी शौकत, फतेहपुर का हिस्ट्रीशीटर एजाज उर्फ हाजी अज्जन, तारिक बिल्डर (चमनगंज-बेकनगंज), शम्मू कुरैशी, परवेज अख्तर, आसिफ मनाजिर, अफजाल कुरैशी, तीन जून की हिंसा का आरोपी हाजी वसी, हुजैफा वसी, अब्दुल रहमान, नूर आलम, भैया फिरोज, शरीफ ढपाली, शकील, प्यारे खान (पटकापुर), शुक्ला एंड संस (हमराज), रईस बिल्डर (चमनगंज), यूसुफ एंड फैजी, लालू ट्रक वाला (डिप्टी का पड़ाव), रौसे मलिक, मुख्तार बाबा बिरयानी, महफूज, महमूद, तरवेज उर्फ काली (प्रेमनगर), सरफराज, इजहार, शीबू कारपेंटर, मो. इमरान, हिस्ट्रीशीटर मुरसलीन उर्फ भोलू, अनवार, नसीम उर्फ बंटी बिल्डर (कंघी मोहाल), मुन्ना चांद (चमनगंज), अभिनव तिवारी, छोटे भैया (हीरामन का पुरवा), फैजल, सुल्तान, आशू बिल्डर, राजू, नियाज, वसीम (बांस मंडी), मजहर बिल्डर (तलाक महल), आरिफ (चमनगंज), अनीस कालिया, एडवोकेट विक्रांत त्रिपाठी, रिजवान उर्फ पंडित, रियासत बिल्डर, इरफान छोड़ी, रिजवान बिल्डर, जावेद टोनी, उज्जवल जैन, शेख रफीक अली (पटकापुर), मोहित गुप्ता, चंद्रमोहन महेश्वरी, राजू गुदार और लाली पाल समेत अन्य नाम शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच में अवैध निर्माण, नियमों की अनदेखी और किसी भी स्तर पर मिलीभगत सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


