नशे की लत से परिवार में चल रहा था तनाव, बस चालक ने फंदा लगाकर दी जान
20 दिन पहले पत्नी और दो बेटियों को मनाकर घर लाया था, घटना के समय पत्नी गई थी नौकरी पर
कानपुर। नजीराबाद थाना क्षेत्र के गुमटी नंबर पांच में बुधवार को एक निजी बस चालक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शशिकांत दीक्षित उर्फ दीपू (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नशे की लत के चलते परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब 20 दिन पहले ही उसने पत्नी और दोनों बेटियों को मनाकर मायके से वापस घर बुलाया था।
जानकारी के मुताबिक, शशिकांत की पत्नी सुधा पनकी स्थित मायके में रहकर निजी नौकरी करती थी। नशे की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी वजह से सुधा काफी समय से अपनी दोनों बेटियों सानवी और काव्या के साथ मायके में रह रही थी। करीब 20 दिन पहले शशिकांत ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी और बेटियों को मनाया, जिसके बाद तीनों उसके साथ रहने के लिए घर लौट आई थीं।
बुधवार शाम सुधा नौकरी पर गई हुई थी। इसी दौरान शशिकांत ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर बेटियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पहुंची नजीराबाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में शशिकांत का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने उसे नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की भाभी स्नेहा अवस्थी ने बताया कि बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


