कानपुर में गर्लफ्रेंड से निकाह की जिद पर मॉल की दूसरी मंजिल से कूदा युवक, अस्पताल में मौत
10 साल से था प्रेम संबंध, सऊदी अरब से लौटा था सिकंदर; निकाह की बात पर युवती से हुई कहासुनी के बाद उठाया कदम
कानपुर। कानपुर में बुधवार शाम गर्लफ्रेंड से निकाह को लेकर हुई कहासुनी के बाद 30 वर्षीय युवक ने रेव मोती मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। युवक के नीचे गिरते ही मॉल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे पास के रीजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना सर्वोदय नगर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक, चमनगंज निवासी सिकंदर सऊदी अरब में नौकरी करता था। उसका अपनी एक रिश्तेदार की बेटी से करीब 10 साल से प्रेम संबंध था। सिकंदर युवती से निकाह करना चाहता था। कुछ साल पहले वह नौकरी के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया था। इस दौरान युवती की नजदीकियां किसी दूसरे युवक से बढ़ गईं। इसकी जानकारी सिकंदर को हुई तो वह युवती से बातचीत करना चाहता था।
बुधवार शाम करीब 7:30 बजे सिकंदर अपने दो साथियों के साथ सर्वोदय नगर स्थित रेव मोती मॉल पहुंचा। उसने युवती को भी बातचीत के लिए मॉल बुलाया था। यहां सिकंदर ने युवती के सामने निकाह करने की बात रखी, लेकिन युवती इसके लिए राजी नहीं हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद सिकंदर ने गुस्से में मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे साथी
मॉल में अचानक युवक के गिरने से अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसके साथी और अन्य लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पास के रीजेंसी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने मॉल पहुंचकर की जांच-पड़ताल
पुलिस ने अस्पताल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस टीम रेव मोती मॉल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।


