दीपावली पर मिठाइयों की दुकानों पर उमड़ी भीड़, 4 हजार रुपये किलो बिक रही पिस्ता मिठाई
ड्राईफ्रूट के लड्डू, काजू जलेबी और काजू गुझिया की बढ़ी मांग, 600 रुपये किलो से शुरू हैं मिठाइयों के दाम
कानपुर। दीपावली पर घरों में पूजन के लिए मिठाई का भोग लगाने और रिश्तेदारों व दोस्तों को उपहार देने की परंपरा है। त्योहार को लेकर कानपुर के बाजारों में मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। शहर की दुकानों पर इस बार कई खास किस्म की मिठाइयां तैयार की गई हैं। कहीं ड्राईफ्रूट के लड्डू लोगों को पसंद आ रहे हैं तो कहीं काजू जलेबी, काजू गुझिया और पिस्ता मिठाई ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। मिठाइयों की कीमत 600 रुपये प्रति किलो से शुरू होकर चार हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
शहर के मशहूर मिठास स्वीट हाउस में मिठाइयों की कीमत 600 रुपये प्रति किलो से शुरू है। यहां सबसे महंगी पिस्ता मिठाई चार हजार रुपये प्रति किलो बिक रही है। वहीं, अशोक नगर की दुकानों पर ड्राईफ्रूट और मेवे से तैयार मिठाइयों की मांग अधिक है।
चार हजार रुपये किलो है पिस्ता मिठाई
स्वरूप नगर स्थित मिठाई की दुकान के मालिक पंकज अरोड़ा ने बताया कि ग्राहकों को ताजी मिठाई उपलब्ध कराने के लिए दीपावली से तीन-चार दिन पहले ही कारीगर और कर्मचारी दिन-रात मिठाइयां बनाने में जुट जाते हैं। पहले से मिले ऑर्डर के अनुसार मिठाइयों की सप्लाई की जाती है। इसके अलावा दुकान पर लगातार मिठाइयां तैयार होती रहती हैं और उनकी बिक्री भी जारी रहती है।
उन्होंने बताया कि मिठाइयों के साथ आकर्षक गिफ्ट पैक भी तैयार किए गए हैं। इनकी कीमत एक हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक है। गिफ्ट पैक की भी अच्छी मांग है। दुकान पर सबसे महंगी पिस्ता मिठाई है, जिसकी कीमत चार हजार रुपये प्रति किलो है। इस बार ड्राईफ्रूट महंगा होने के कारण ग्राहक मिक्स मिठाई और मेवे वाली मिठाइयां ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
काजू जलेबी और गोंद के लड्डू की मांग
अशोक नगर स्थित मिठाई की दुकान के मालिक गौरव अग्रवाल ने बताया कि दीपावली के लिए खास तौर पर गोंद और मेवे के लड्डू तैयार किए गए हैं। मिक्स मिठाई के साथ लड्डुओं की भी अच्छी मांग है। ड्राईफ्रूट की स्पेशल मिठाइयों में काजू जलेबी, काजू गुझिया और काजू कॉर्न ग्राहकों को खूब पसंद आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दुकान पर सभी मिठाइयां देसी घी से तैयार की जाती हैं। यहां मिठाइयों की कीमत 600 रुपये प्रति किलो से शुरू है। मिक्स मिठाई 720 रुपये और ड्राईफ्रूट की स्पेशल मिठाई 1400 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जा रही है। ड्राईफ्रूट महंगा होने के बावजूद त्योहार पर मेवे वाली मिठाइयों की मांग बनी हुई है।


