न्यूड फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग के बाद NEET छात्र ने दी जान, किसान पिता को भी भेजीं अश्लील तस्वीरें

रकम न देने पर सोशल मीडिया पर वायरल करने की दी थी धमकी, पिता ने थाने में की थी शिकायत; हॉस्टल के कमरे से मिलीं शराब की 16 खाली बोतलें

कानपुर। रावतपुर थानाक्षेत्र के हितकारी नगर स्थित हॉस्टल में फंदे से लटककर जान देने वाले NEET छात्र शिवा सिंह (19) के मामले में ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज पहलू सामने आया है। छात्र को उसकी न्यूड फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था। जालसाजों ने उसके किसान पिता की भी अश्लील तस्वीरें भेजकर रुपये मांगे थे। रकम नहीं देने पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई थी। ब्लैकमेलिंग से दहशत में आए शिवा ने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी थी। पिता ने बहराइच के हुजूरपुर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपी का पता नहीं चल सका। अब रावतपुर पुलिस साइबर ठगी के साथ ही हॉस्टल से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

बहराइच के दौलतपुर निवासी किसान चंद्रवीर सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को बेटे शिवा के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने अश्लील फिल्में देखने की बात कहकर उसे धमकाया। इसके बाद दावा किया कि उसके पास शिवा और उसके पिता की न्यूड तस्वीरें हैं। जालसाज ने दोनों की तस्वीरें मोबाइल पर भेजकर रुपये मांगे। साथ ही रकम नहीं देने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से शिवा बुरी तरह घबरा गया। उसने तत्काल पिता को फोन कर पूरी बात बताई। पिता ने उसे हिम्मत रखने और परेशान नहीं होने की सलाह दी। चंद्रवीर के मुताबिक, शनिवार को वह हुजूरपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। उन्होंने इंस्पेक्टर से बेटे की फोन पर बात भी कराई। पुलिसकर्मियों ने भी शिवा को समझाया था।

पिता को भी भेजे बेटे के साथ अपने अश्लील फोटो

चंद्रवीर ने बताया कि शिकायत के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर भी उनकी और बेटे की न्यूड फोटो व वीडियो भेज दिए गए। इससे वह भी दहशत में आ गए। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की, लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने उन्हें सोमवार को दोबारा थाने आने के लिए कहा था।

पिता के मुताबिक, रविवार को भी उन्होंने कई बार बेटे को फोन कर समझाया, लेकिन वह ब्लैकमेलिंग के सदमे से उबर नहीं पा रहा था। चाचा ने बताया कि रविवार को शिवा ने खाना खाने के लिए उनसे 500 रुपये मांगे थे। उन्होंने रुपये दे दिए थे। पिता को आशंका है कि किसी बड़ी साजिश के तहत बेटे को फंसाकर उससे रकम ऐंठने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने रावतपुर पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

कमरे से मिलीं शराब की 16 खाली बोतलें

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:15 बजे हितकारी नगर स्थित हॉस्टल में छात्र के फंदे पर लटकने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा नंबर 205 का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर शिवा छत के पंखे से कपड़े के सहारे लटका मिला। फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की तो वहां शराब की 16 खाली बोतलें मिलीं।

पुलिस अब ब्लैकमेलिंग के पीछे साइबर ठगी करने वाले गिरोह की भूमिका, आरोपी के मोबाइल नंबर और छात्र के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं हॉस्टल से जुड़ा कोई व्यक्ति इस साजिश में शामिल तो नहीं था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *