महिला की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में घर के दरवाजे पर बैठे दंपति के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दलित उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के इलाही तालाब मोहल्ला निवासी पूजा पत्नी महेश्वरीदीन ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 28 अक्टूबर की देर रात उसका पति घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के रामभरोसी और राजा बाबू वहां पहुंचे और उसके पति के साथ गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि जब पूजा ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और जमीन पर पटक दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और दलित उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


