बिधनू में 25 लाख की चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार
रेल मंत्रालय के अधिकारी के बंद मकान से चोरी हुए थे पुश्तैनी जेवरात, 884 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर स्थित बाजपुर मोड़ पर रेल मंत्रालय के अधिकारी के बंद मकान में हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 152.09 ग्राम पीली धातु और 731.63 ग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों की कीमत करीब 25 लाख रुपये है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बाजपुर मोड़ निवासी अपूर्व बाजपेयी दिल्ली में रेल मंत्रालय में एसओ के पद पर तैनात हैं। उनके मकान में मां राधा देवी रहती हैं। लगातार बारिश और जलभराव के कारण 27 सितंबर को वह मकान बंद कर रिश्तेदार के यहां चली गई थीं। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर रखे पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
19 अक्टूबर को किरायेदार सीता ने फोन कर मकान का ताला टूटा होने और अंदर सामान बिखरा होने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग मकान पहुंचे तो चोरी का पता चला। पीड़ित की तहरीर पर बिधनू थाने में मुकदमा अपराध संख्या 333/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सचेंडी रोड से पकड़े गए आरोपी
बिधनू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम सिंह निवासी रहनस, शुभम कुशवाहा उर्फ बंटा निवासी धमना, कृष्णा यादव उर्फ बेटू निवासी बाजपुर और धर्मवीर निवासी बड़ाहार, थाना औंग, फतेहपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चारों को सचेंडी क्षेत्र में रौतारा-सचेंडी रोड पर तारा विहार अपार्टमेंट से करीब 100 मीटर आगे से पकड़ा गया।
पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त दक्षिण समेत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।


