इजरायल में टूटे वोटिंग के रिकॉर्ड, नेतन्याहू ने पत्नी संग यरूशलम में डाला वोट, समर्थकों से की यह अपील
यरूशलम। इजरायल में प्रधानमंत्री पद के लिए मंगलवार को चुनाव हुए। इसमें बंपर वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम चार बजे तक (स्थानीय समय के मुताबिक) करीब 55 फीसदी वोटिंग हुई है। यह इजराइल के इतिहास में सबसे ज्यादा है। रात 10 बजे (भारतीय समय के मुताबिक रात 1.30 बजे) मतदान खत्म होगा। इजरायल में सबसे ज्यादा वोटिंग का रिकॉर्ड 79.9 फीसदी है। यह 1988 में हुआ था। एक्सपट्र्स के अनुसार इस बार यह रिकॉर्ड टूट सकता है। बंपर वोटिंग के बीच नेतन्याहू ने मुस्लिम महिलाओं की फोटो पोस्ट करते हुए समर्थकों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की।
उन्होंने एक्स चैनल-14 का एक फुटेज शेयर किया। इसमें दो पोलिंग बूथ की तुलना की गई है। पीएम नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने इलेक्शन कमिटी से समय रात 10 बजे से आगे बढ़ाने को कहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इसे बढ़ाने के बारे में कोई फैसला नहीं हुआ था।
नेतन्याहू पर अरब वोटरों के खिलाफ भडक़ाने का आरोप
इजरायल की अरब बहुल ज्वॉइंट लिस्ट पार्टी ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर अरब मतदाताओं के खिलाफ भडक़ाऊ बयान देने का आरोप लगाया है। पार्टी नेता यूसुफ जबरीन ने कहा कि अरब समुदाय मतदान के जरिए नेतन्याहू और उनकी सरकार को जवाब देगा। ज्वाइंट लिस्ट ने यह भी आरोप लगाया कि नेतन्याहू मतदान केंद्रों की एआई से बनाई तस्वीरों को असली बताकर पेश कर रहे हैं, ताकि अरब मतदाताओं के खिलाफ माहौल बनाया जा सके।


