फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में कार्तिक आर्यन निभाएंगे लीड रोल
विवेक अग्निहोत्री करेंगे डायरेक्ट; पहलगाम आतंकी हमले के बाद की घटनाओं पर आधारित होगी कहानी

फिल्म को लेकर भूषण कुमार ने कहा था कि यह कहानी खुद सामने आई है और इसे जिम्मेदारी के साथ दिखाना जरूरी है। उन्होंने इसे देश की एक अहम घटना को दर्ज करने की कोशिश बताया।
टी-सीरीज और आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस करेंगे निर्माण
फिल्म का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और विवेक अग्निहोत्री के बैनर आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस मिलकर करेंगे। यह पहली बार है, जब विवेक अग्निहोत्री और कार्तिक आर्यन किसी फिल्म में साथ काम करेंगे।
विवेक इससे पहले ‘द ताशकंद फाइल्स’, ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘द वैक्सीन वॉर’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्में निर्देशित कर चुके हैं।

ऑपरेशन सिंदूर मई 2025 में हुआ था
ऑपरेशन सिंदूर 7 मई 2025 को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई थी। यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की गई थी, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। ऑपरेशन सिंदूर का मकसद हमले के जिम्मेदार आतंकी ठिकानों को नष्ट करना था।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे कार्तिक
कार्तिक इन दिनों शिमित अमीन की फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग कर रहे हैं। यमन में हूती संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर काम शुरू करेंगे। कार्तिक की अगली फिल्म ‘नागजिला’ 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करण जौहर और महावीर जैन के निर्माण में बन रही इस फिल्म का निर्देशन मृगदीप सिंह लांबा कर रहे हैं। इससे प्रीति मुखुंदन हिंदी फिल्मों में डेब्यू करेंगी।
इसके अलावा, अनुराग बसु के निर्देशन में बन रही कार्तिक और श्रीलीला की अनटाइटल्ड म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म 30 अप्रैल 2027 को रिलीज होगी। इस फिल्म के निर्माता भूषण कुमार हैं। कार्तिक, कबीर खान के साथ एक अनटाइटल्ड बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स ड्रामा में भी काम कर रहे हैं। यह फिल्म कश्मीर की युवा खिलाड़ी तजामुल इस्लाम की जिंदगी से प्रेरित है, जो दो बार किकबॉक्सिंग में विश्व चैंपियन बन चुकी हैं। फिल्म का सह-निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट और कार्तिक आर्यन करेंगे। इसके अलावा, कार्तिक के पास अनीस बज्मी की ‘भूल भुलैया 4’ और करण जौहर की ‘कालिया’ भी हैं।



