घाटमपुर में फंदे पर लटकता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
दो दिन पहले घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था 23 वर्षीय विमल, परिजनों ने जताया संदेह; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के बलहापारा खुर्द गांव के किनारे रविवार सुबह एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक दो दिन पहले घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। शव मिलने की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो दिन पहले घर से निकला था युवक
बलहापारा खुर्द गांव निवासी धीरू ने बताया कि उनका छोटा भाई विमल (23) पुणे में रहकर निजी नौकरी करता था। करीब चार महीने पहले वह गांव लौटा था। बीते शुक्रवार देर शाम विमल घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शनिवार शाम परिवार के लोग घाटमपुर थाने पहुंचे और विमल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि विमल का मोबाइल फोन बंद जा रहा है।
गांव के किनारे बंबुराही में मिला शव
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस युवक की तलाश में जुटी थी। इसी बीच रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के किनारे बंबुराही में विमल का शव फंदे के सहारे लटकता देखा। इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
युवक का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आशंका जताई कि विमल की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


