सील अस्पताल में फिर भर्ती मिले मरीज, दो अन्य अस्पतालों के बोर्ड उतरवाए

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में नियमों के विपरीत संचालित हो रहे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। पहले सील किए जा चुके अनुष्का प्रांजल हॉस्पिटल में दोबारा मरीज भर्ती मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कराया। वहीं, निरीक्षण के दौरान महादेवा हॉस्पिटल और न्यू जेके केयर हॉस्पिटल के नाम से बोर्ड लगे मिले, लेकिन विभागीय जांच में दोनों के नाम से रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। इस पर दोनों अस्पतालों के बोर्ड उतरवाकर नोटिस जारी किया गया है।
सील होने के बाद भी भर्ती मिले मरीज
एसीएमओ रमित रस्तोगी ने बताया कि बीते महीनों में चलाए गए अभियान के दौरान अनुष्का प्रांजल हॉस्पिटल को सील किया गया था। हाल ही में निरीक्षण के दौरान यहां दोबारा दो मरीज भर्ती मिले। इसके बाद दोनों मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कराया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, जिस भवन में अस्पताल संचालित हो रहा था, उसके ऊपरी हिस्से में लोग रहते हैं, जबकि नीचे अस्पताल चलाया जा रहा था। सील किए जाने के बाद भी मरीज भर्ती मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की।
बिना रजिस्ट्रेशन लगे मिले अस्पतालों के बोर्ड
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को महादेवा हॉस्पिटल और न्यू जेके केयर हॉस्पिटल के नाम से बोर्ड लगे मिले। टीम ने अंदर जाकर जानकारी ली तो बताया गया कि दोनों अस्पताल फिलहाल निर्माणाधीन हैं। जांच के दौरान दोनों के नाम से रजिस्ट्रेशन नहीं मिला।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों अस्पतालों के बोर्ड उतरवा दिए और संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया। विभाग अब मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसीएमओ रमित रस्तोगी ने बताया कि क्षेत्र में नियमों के विपरीत अस्पतालों के संचालन पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


