रात 12 बजे सड़कों पर उतरे नगर आयुक्त, परमट में पैचवर्क की देरी पर नाराजगी
आनंदेश्वर मंदिर के रैन बसेरे में गंदे बिस्तरों की शिकायत, तत्काल धुलाई के निर्देश; फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए आज होगी बैठक
कानपुर। शहर में सड़क मरम्मत, रैन बसेरों की व्यवस्था और सफाई व्यवस्था परखने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय बुधवार देर रात करीब 12 बजे निरीक्षण पर निकले। उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर नगर निगम के कार्यों की स्थिति देखी। परमट में सड़क के पैचवर्क में देरी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और काम जल्द शुरू कर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, आनंदेश्वर मंदिर के पास स्थित रैन बसेरे में बिस्तरों की सफाई को लेकर शिकायत मिलने पर तत्काल धुलाई कराने को कहा।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए। सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पैचवर्क में देरी पर जताई नाराजगी
नगर आयुक्त ने जोन-4 के वार्ड-42 परमट में चल रहे सड़क मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर जरूरी मशीनरी और विभागीय संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद काम में देरी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को पैचवर्क जल्द शुरू कराने और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटर मशीन के प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को संबंधित कर्मचारियों को मशीन चलाने का समुचित प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए, जिससे सड़क की गुणवत्ता की जांच ठीक से हो सके।
रैन बसेरे में गंदे बिस्तरों की शिकायत
आनंदेश्वर मंदिर के पास स्थित रैन बसेरे में नगर आयुक्त ने ठहरे लोगों के पंजीकरण की जांच की। उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि ठहरने के लिए उनसे किसी तरह का शुल्क तो नहीं लिया जा रहा है। इस दौरान लोगों ने बिस्तरों की साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत की।
नगर आयुक्त ने तत्काल बिस्तरों की धुलाई कराने और गंदे बिस्तरों का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंदिर परिसर और पार्किंग स्थल पर खराब लाइटों की शिकायत पर प्रभारी अभियंता, मार्ग प्रकाश को तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
फुटपाथ पर अतिक्रमण, दुकानदारों के साथ होगी बैठक
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोन-1 के एक्सप्रेस रोड और घसियारी मंडी स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट का भी जायजा लिया। यहां फुटपाथ पर अस्थायी अतिक्रमण पाया गया। इस पर नगर आयुक्त ने 22 अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों और दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया, ताकि अतिक्रमण की समस्या का समाधान निकाला जा सके।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत, रैन बसेरों की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों की सफाई से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।


