कानपुर में रावण दहन से पहले गुब्बारे का सिलेंडर फटा, बच्ची समेत 7 से अधिक घायल; विक्रेता हैलट रेफर

कानपुर में रावण दहन से पहले गुब्बारे का सिलेंडर फटा, बच्ची समेत 7 से अधिक घायल; विक्रेता हैलट रेफर

निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर सिलेंडर रखकर बेच रहा था गुब्बारे, धमाके के बाद मेले में मची भगदड़; डीसीपी समेत अफसर पहुंचे अस्पताल

कानपुर।  नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा में मंगलवार देर रात रावण दहन से पहले गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। हादसे में गुब्बारा विक्रेता समेत सात से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल की बच्ची भी शामिल है। धमाके के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस और मेला कमेटी के सदस्यों ने आनन-फानन में घायलों को पास के आत्माराम अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में गुब्बारा विक्रेता को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर डीसीपी साउथ समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।

धरीपुरवा पार्क में चल रही थी रामलीला

जानकारी के मुताबिक, नौबस्ता के धरीपुरवा पार्क में श्री बजरंग रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा था। मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसे देखने के लिए मेले में हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। बच्चों के साथ बड़ी संख्या में परिवार भी मेले में पहुंचे थे।

मेले के पास ही गजरी बसंत विहार से यशोदा नगर राजाराम चौक जाने वाली सीएम ग्रिड सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुब्बारा विक्रेता रामू निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर सिलेंडर रखकर गुब्बारे बेच रहा था। मंगलवार रात करीब 11:15 बजे अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सिलेंडर की चपेट में आने से गुब्बारा विक्रेता रामू उछलकर जमीन पर जा गिरा।

 दो साल की बच्ची भी घायल, मेले में मची भगदड़

धमाके की चपेट में आने से आसपास मौजूद बबलू रघुवंशी, उनकी दो साल की बेटी रिद्धि, क्षमा दीक्षित, आकाश राजपूत और राजू समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही मेला कमेटी के सदस्यों ने नौबस्ता पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे में गुब्बारा विक्रेता रामू की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

डीसीपी साउथ समेत अधिकारी पहुंचे अस्पताल

हादसे की सूचना पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और विधायक महेश त्रिवेदी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 गर्मी के कारण विस्फोट की आशंका

डीसीपी साउथ के मुताबिक, गुब्बारा विक्रेता निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर सिलेंडर रखकर गुब्बारों में गैस भर रहा था। प्रारंभिक जानकारी में अत्यधिक गर्मी के कारण सिलेंडर में विस्फोट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *