ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

महोबा। कबरई कस्बे में सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बांदा रोड पर हुआ था। किदवई नगर निवासी अनुज कुमार साहू (21) घर से बाजार में सामान लेने निकला था। इसी दौरान महोबा की ओर से उल्टी दिशा में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी योगेश कुमार साहू और केशव प्रसाद समेत अन्य लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई थी। भीड़ को देखकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया।

 हाईवे पर लगाया था जाम

युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया था। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम खुलवाया।

 चालक की तलाश में जुटी पुलिस

मृतक के पिता संतोष उर्फ संतु साहू की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक नंबर यूपी 90 टी 6795 के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कबरई थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार सुबह बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक की नंबर प्लेट मिटाए जाने और वाहन के गलत दिशा में चलने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *