यशोदा नगर फ्लाईओवर पर डंपर ने बाइक सवार को 30 मीटर तक घसीटा, बड़े भाई की मौत
छोटा भाई घायल, हादसे के बाद डंपर छोड़कर चालक फरार; नंबर प्लेट पर स्विफ्ट कार का पंजीकरण, 49 हजार रुपये के 10 चालान मिले
कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर फ्लाईओवर पर रविवार रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई घायल हो गया। आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने डंपर रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे बड़ा भाई करीब 30 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच में डंपर की नंबर प्लेट पर दर्ज नंबर से स्विफ्ट कार का पंजीकरण मिला। वहीं, वाहन पर 49 हजार रुपये के 10 चालान भी दर्ज पाए गए।
निजी काम से कालपी गए थे दोनों भाई
जाजमऊ के ताड़बगिया निवासी 55 वर्षीय गिरीश चंद्र सैनी कागज के लिफाफे बनाने का काम करते थे। परिवार में पत्नी सुमन और पांच बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक, रविवार को गिरीश अपने छोटे भाई राजीव के साथ निजी काम से कालपी गए थे। देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
रात में यशोदा नगर फ्लाईओवर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजीव सड़क की दूसरी ओर गिर पड़े, जबकि गिरीश डंपर की चपेट में आ गए।
टक्कर के बाद नहीं रोका डंपर, 30 मीटर तक घिसटे गिरीश
आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने डंपर रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इससे गिरीश करीब 30 मीटर तक घिसटते चले गए। आसपास मौजूद राहगीरों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह डंपर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजीव को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, गिरीश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डंपर के नंबर पर स्विफ्ट कार का पंजीकरण
हादसे के बाद डंपर की जांच में वाहन की नंबर प्लेट को लेकर गड़बड़ी सामने आई। नंबर पर स्विफ्ट कार का पंजीकरण दर्ज मिला। इसके अलावा वाहन पर 49 हजार रुपये के 10 चालान भी पाए गए। पुलिस अब वाहन के पंजीकरण और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। साथ ही फरार चालक की तलाश की जा रही है।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


