कानपुर में 1 नवंबर को लगेगा वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर

 कानपुर में 1 नवंबर को लगेगा वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर

एचबीटीयू के शताब्दी भवन ऑडिटोरियम में होगा आयोजन, 43 विभागों के लगेंगे स्टॉल

कानपुर। आम जनता को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कानपुर में 1 नवंबर को वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर एचबीटीयू स्थित शताब्दी भवन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर के पूर्णकालिक सचिव अभिनव तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनसामान्य के विधिक सशक्तीकरण के लिए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल की अध्यक्षता में शिविर के आयोजन के लिए 1 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।

43 विभागों के प्रतिनिधि करेंगे प्रतिभाग

कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए 16 अक्टूबर को आयोजित बैठक में शिविर की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवकान्त शुक्ला, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रश्मि सिंह, एडीएम एवं नोडल अधिकारी राजेश कुमार सिंह तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला सहित शासन के 43 विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

एक ही स्थान पर मिलेंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से आम लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिविर में आने वाली महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपने अधिकारों, सुरक्षा और महिला कल्याण से संबंधित सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक हो सकें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन तक कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाना तथा पात्र लोगों को विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित करना है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *