कानपुर में ‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही भड़कीं अंजलि अरोड़ा, 12 मिनट में छोड़ा मंच

कानपुर में ‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही भड़कीं अंजलि अरोड़ा, 12 मिनट में छोड़ा मंच

बोलीं- आर्टिस्ट की रिस्पेक्ट करनी नहीं आती क्या? बुलाइए ऑर्गनाइजर को, कहां है मैनेजमेंट; तीन बार नाराज हुईं, दर्शक करते रहे इंतजार

कानपुर। ‘कच्चा बादाम’ गाने के वीडियो से चर्चा में आईं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा गुरुवार रात कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान नाराज हो गईं। मोतीझील स्थित लाजपत भवन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट डांडिया’ कार्यक्रम में डीजे पर ‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही उन्होंने डांस रोक दिया। इसके बाद मंच से ही आयोजकों और मैनेजमेंट पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “क्या आर्टिस्ट की रिस्पेक्ट करनी नहीं आती है? बुलाइए ऑर्गनाइजर को। कहां है मैनेजमेंट?” कार्यक्रम के दौरान वह तीन बार नाराज हुईं और करीब 12 मिनट रुकने के बाद मंच छोड़कर चली गईं। उनके अचानक कार्यक्रम छोड़ने से वहां मौजूद दर्शक हैरान रह गए।

15 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में अंजलि अरोड़ा की एक झलक पाने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे शुरू हुआ। दर्शक उनके आने का इंतजार करते रहे। रात करीब 9:52 बजे अंजलि मंच पर पहुंचीं। हालांकि, उनका कार्यक्रम ज्यादा देर तक नहीं चला और कुछ ही मिनटों में वह नाराज होकर वापस चली गईं।

‘ये कैसा इंतजाम है, ऑडियंस को देखा नहीं जा रहा’

अंजलि अरोड़ा के मंच पर पहुंचने से पहले कार्यक्रम में लोग फिल्मी गानों पर डांडिया करते नजर आए। रात करीब 9:52 बजे अंजलि मंच पर पहुंचीं तो उन्होंने सबसे पहले कानपुर के लोगों से बातचीत की। उन्होंने पूछा, “कानपुर वाले कैसे हैं?” इसके बाद ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ गाने पर दर्शकों के साथ डांस किया। कुछ ही मिनट बाद पंजाबी गाने के दौरान उन्होंने माइक संभाल लिया। दर्शकों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। कहा, “ये कैसा इंतजाम है? यहां तो ऑडियंस को देखा नहीं जा रहा है। एक ऑडियंस के कुछ लग गया है, इसका ख्याल रखिए।” इसके बाद उन्होंने फिर से डांस शुरू किया। इसी बीच डीजे पर ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने लगा। गाना सुनते ही अंजलि ने डांस रोक दिया। गाना बंद होने के बाद उन्होंने दोबारा माइक संभाला और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर की।

‘इस तरह से कानपुर में कोई आर्टिस्ट नहीं आएगा’

अंजलि ने मंच से नाराजगी जताते हुए कहा, “कैसा इंतजाम है? इस तरह से कानपुर में कोई आर्टिस्ट नहीं आएगा।” इसके बाद वह डीजे के पास पहुंचीं और कहा, “क्या आर्टिस्ट की रिस्पेक्ट करनी नहीं आती है? बुलाइए ऑर्गनाइजर को। कहां है मैनेजमेंट?” उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से माफी भी मांगी। अंजलि ने कहा कि वह अब यहां नहीं रुक सकतीं। हर चीज की एक गाइडलाइन होती है। उन्होंने दर्शकों के लंबे इंतजार और गर्मी में खड़े रहने का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्था ठीक नहीं है।

मोमेंटो देने को लेकर भी जताई नाराजगी

कार्यक्रम के दौरान मोमेंटो देने को लेकर भी अंजलि नाराज नजर आईं। उन्होंने मंच से कहा, “मैं क्या मोमेंटो दूं, मैं कोई मोमेंटो नहीं दे रही।” इसके बाद उन्होंने दर्शकों की ओर सेल्फी ली और मंच से चली गईं। अंजलि के अचानक कार्यक्रम छोड़ने से आयोजकों के कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए। उन्हें देखने और उनके साथ डांस करने की उम्मीद में पहुंचे दर्शकों को निराश होकर लौटना पड़ा।

दर्शक बोले- सात बजे से कर रहे थे इंतजार

कार्यक्रम में अंजलि अरोड़ा को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता थी। लोग उनके डांस और उनकी एक झलक पाने के लिए देर तक इंतजार करते रहे। दर्शक अनुराग गुप्ता ने बताया कि वे शाम सात बजे से कार्यक्रम में अंजलि के आने का इंतजार कर रहे थे। करीब तीन घंटे इंतजार करने के बाद अंजलि मंच पर पहुंचीं, लेकिन कुछ ही मिनटों में कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। इससे दर्शकों को निराशा हुई।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *