राजरानी हॉस्पिटल के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भारी भीड़, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को दी सलाह
कानपुर नगर। नौबस्ता स्थित राजरानी हॉस्पिटल की ओर से हमीरपुर रोड के पतारा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और विभिन्न रोगों से संबंधित जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीत वर्मा ने बताया कि शिविर में 135 लोगों ने आंखों की जांच कराई। इनमें लगभग 35 प्रतिशत मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित थे, लेकिन ऑपरेशन कराने से डर रहे थे। ऐसे मरीजों की काउंसलिंग कर उन्हें आधुनिक चिकित्सा पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मोतियाबिंद का ऑपरेशन किसी भी मौसम में किया जा सकता है और ऑपरेशन के लिए मोतियाबिंद का पूरी तरह पकना जरूरी नहीं है। शुरुआती अवस्था में भी चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ऑपरेशन संभव है।
गठिया, कमर और गर्दन दर्द से पीड़ित मिले मरीज
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि शिविर में लगभग 125 मरीजों ने हड्डियों और जोड़ों से संबंधित समस्याओं के लिए परामर्श लिया। इनमें करीब 58 प्रतिशत मरीज गठिया, कमर दर्द और गर्दन दर्द से पीड़ित थे। मरीजों को नियमित व्यायाम करने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार कराने की सलाह दी गई।
अपेंडिक्स, हर्निया और बांझपन के प्रति किया जागरूक
जनरल सर्जन डॉ. एन.एस. चौहान ने मरीजों को अपेंडिक्स और हर्निया से संबंधित बीमारियों के लक्षण एवं उपचार की जानकारी दी। वहीं डॉ. कोमल ने महिलाओं को बांझपन की समस्या, उसके संभावित कारणों और उपचार के विकल्पों के बारे में जागरूक किया।
अस्पताल की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर को सफल बनाने में डॉ. अजय सिंह, अस्पताल मैनेजर सुशील कुमार सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। शिविर के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने का अवसर मिला।


