‘राव साहब’ के गानों पर जमकर झूमे कनपुरिये
एल्विश यादव के स्टेज पर पहुंचते ही गूंजा तालियों का शोर, गुनगुन गुप्ता के डांस ने भी बांधा समां


कानपुर। मोतीझील में रविवार रात आयोजित भव्य कार्यक्रम में मशहूर यूट्यूबर और गायक एल्विश यादव और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गुनगुन गुप्ता की मौजूदगी ने शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। दोनों सेलिब्रिटीज की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। एल्विश यादव के स्टेज पर आते ही पूरा मैदान तालियों और शोर से गूंज उठा। फैंस लंबे समय से उनके लाइव परफॉर्मेंस का इंतजार कर रहे थे।
रात करीब 10 बजे एल्विश यादव स्टेज पर पहुंचे। उन्होंने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। एल्विश ने कहा कि कानपुर के लोग बहुत प्यारे हैं। उन्होंने बताया कि जब वह होटल में रुके थे, तब भी बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंच रहे थे।
इसके बाद जैसे ही एल्विश ने अपने लोकप्रिय ट्रैक ‘मारन की बात करे तेरे यार के, औकात बाहर रे छोरा राव साहब के’ से प्रस्तुति की शुरुआत की, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। गाने की धुन शुरू होते ही युवा दर्शक झूमने लगे। पूरा मोतीझील मैदान एल्विश के गानों और प्रशंसकों की आवाज से गूंज उठा।
‘ना किसी चीज की घाट है बेबी…’ पर थिरके युवा

एल्विश ने इसके बाद अपना चर्चित गीत ‘ना किसी चीज की घाट है बेबी, सीधी-सीधी बात है बेबी’ सुनाया। इस गाने पर भी दर्शकों ने जमकर डांस किया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मोबाइल फोन निकालकर एल्विश की प्रस्तुति को कैमरे में कैद किया। कई प्रशंसक उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
एल्विश की हर प्रस्तुति के बाद फैंस ‘वंस मोर… वंस मोर’ के नारे लगाते रहे। प्रशंसकों के उत्साह को देखते हुए एल्विश ने भी लगातार चर्चित गानों की प्रस्तुति देकर माहौल को गर्माए रखा। देर रात तक मोतीझील में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
गुनगुन गुप्ता के डांस ने भी बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गुनगुन गुप्ता ने अपने डांस से दर्शकों का मनोरंजन किया। स्टेज पर पहुंचते ही उन्होंने चर्चित गीत ‘पैसा फेंक तमाशा देख’ पर शानदार प्रस्तुति दी। उनके डांस पर दर्शक भी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए।
इसके बाद गुनगुन गुप्ता ने हरियाणवी गीतों के साथ-साथ कई चर्चित बॉलीवुड ट्रैक्स पर एक के बाद एक प्रस्तुति दी। उनके डांस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और मोबाइल फोन से वीडियो बनाए। गुनगुन की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शुरुआत से ही माहौल में ऊर्जा भर दी।
एल्विश यादव और गुनगुन गुप्ता की प्रस्तुतियों के दौरान मोतीझील में युवाओं की भारी भीड़ नजर आई। सेलिब्रिटीज के साथ फोटो और वीडियो बनाने को लेकर भी प्रशंसकों में खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी इंतजाम किए गए थे।

