23 साल बड़े टीचर से था महिला कॉन्स्टेबल का अफेयर
9 महीने में 5 हजार कॉल, आरोपी के मेंटल टॉर्चर से तंग आकर सुसाइड
कानपुर। कानपुर में महिला कॉन्स्टेबल के सुसाइड के मामले में पुलिस ने कोचिंग टीचर को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला कॉन्स्टेबल प्रतीक्षा सिंह (22) का 23 साल बड़े शादीशुदा कोचिंग टीचर से अफेयर था। पुलिस को कॉल डिटेल रिकॉर्ड में पिछले 9 महिलों में दोनों के बीच पांच हजार बार आपस में बात होने की बात सामने आई। इसमें सबसे लंबी बातचीत पुलिस को लगभग चार घंटे की मिली है। पिता ने कहा- टीचर बेटी को मेंटली टॉर्चर कर रहा था। वहीं पुलिस आज आरोपी विक्रम सिंह चंदेल को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजेगी।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया- महिला कॉन्स्टेबल ने वर्ष 2022 में सचेंडी के विनौर गांव निवासी विक्रम सिंह चंदेल की गजनेर स्थित कोचिंग ज्वाइन की थी। जहां कुछ समय बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई थी। 2025 में युवती की पुलिस में कॉन्स्टेबल पद पर भर्ती हुई थी। इसके बाद युवती की तैनाती अमेठी के मोहनगंज थाने में मिली। बुधवार यानी 30 सितंबर को 7 दिन की छुट्टी लेकर रेऊना थानाक्षेत्र स्थित अपने घर आयी थी। घर पहुंचते ही वह आराम करने की बात कहकर छत में बने अपने कमरे में चली गई थी। दोपहर करीब 2 बजे उसकी छोटी बहन कमरे में पहुंची तो देखा बहन फंदे से लटक रही थी। छोटी बहन ने अपनी मां और पापा को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की तो कॉन्स्टेबल का मोबाइल रिसेट मिला था।
दो बच्चों के पिता से था अफेयर
कॉन्स्टेबल प्रतीक्षा के पिता विजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 45 वर्षीय कोचिंग संचालक विक्रम सिंह चंदेल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया- विक्रम शादीशुदा और 2 बच्चों का पिता है, उसका महिला कॉन्स्टेबल से अफेयर था। कॉन्स्टेबल की कॉल डिटेल रिकार्ड खंगाली तो सामने आया कि जनवरी से लेकर सितंबर तक उसकी विक्रम से पांच हजार से ज्यादा बार बात हुई थी। सबसे लंबी बात चार घंटे तक पायी गई।
सुसाइड से पहले अमेठी के कॉन्स्टेबल से की थी बात
डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक ज्वाइनिंग के बाद महिला कॉन्स्टेबल की किसी और से बातचीत होने लगी थी, जिसकी भनक विक्रम को हो गई थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े भी हुए। सुसाइड के दिन यानी 30 सितंबर को विक्रम और महिला कॉन्स्टेबल प्रतीक्षा के बीच तीन बार बात हुई थी। पहली बार सुबह करीब 30 मिनट, इसके बाद 11 बजे 15 मिनट आखिर में दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच दोनों के बीच करीब 45 मिनट तक बात हुई थी। इसके बाद महिला कॉन्स्टेबल ने अमेठी में तैनात कॉन्स्टेबल से लगभग 30 से 35 मिनट बात की, फिर मोबाइल रिसेट कर कॉन्स्टेबल ने सुसाइड कर लिया था।
भाई बनकर घर आता-जाता था टीचर
डीसीपी ने बताया- परिजनों ने बताया कि कोचिंग टीचर प्रतीक्षा को बहन मानता था और भाई बनकर घर आता-जाता था। पुलिस की पूछताछ में शिक्षक विक्रम ने बताया कि घरवाले उसकी शादी तय करना चाहते थे, जिसको लेकर दोनों के बीच बातचीत उस दिन काफी देर तक हुई थी।
परिजनों ने पुलिस अधिकारियों पर लगाया था प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता विजय सिंह ने मोहनगंज में ड्यूटी दौरान विभागीय सहकर्मी द्वारा उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। बेटी को करियर और जीवन बर्बाद करने की लगातार धमकियां दी जा रही थीं। साथ ही पुलिस अधिकारियों द्वारा ड्यूटी लगाने, अवकाश देने व कार्यस्थल पर प्रताड़ना का आरोप था। पिता के मुताबिक बेटी जब भी घर आती थी, डरी सहमी रहती थी। कई बार उससे पूछने का भी प्रयास किया, लेकिन उसने बताने से इंकार कर दिया था।

