भैंस को लेकर पड़ोसी भिड़े, महिला और दो बेटियों को पीटा

भैंस को लेकर पड़ोसी भिड़े, महिला और दो बेटियों को पीटा

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के टीकरमघई गांव में भैंस के पड़ोसी के खेत में चले जाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर पहुंचकर लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियां घायल हो गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बिधनू थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। गांव निवासी राजू (50) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में पत्नी अनीता और दो बेटियां हिमांशी (14) व दिव्यांशी (12) हैं। राजू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम उनकी भैंस चरते हुए पड़ोसी के खेत में चली गई थी। जानकारी होने पर उन्होंने पड़ोसी से माफी मांग ली थी। इसके बाद मामला शांत हो गया था।

राजू का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब छह बजे पड़ोसी अनिल पुत्र मंगल सिंह, सुनील पुत्र मंगल सिंह और मंगल सिंह उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने भैंस के खेत में जाने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी गई। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान राजू की पत्नी अनीता और दोनों बेटियों को चोटें आईं। बड़ी बेटी हिमांशी के हाथ में गंभीर चोट लगी है, जबकि अनीता के शरीर पर भी कई जगह चोटें आई हैं। छोटी बेटी दिव्यांशी को भी मारपीट में चोट लगी।शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी वहां से चले गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने धमकी भी दी। घटना के बाद घायल महिला और दोनों बेटियों को लेकर परिजन बिधनू थाने पहुंचे। पीड़ित राजू ने पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। बिधनू पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *