अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

रिंद नदी के पास पतारा बॉर्डर पर हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में रिंद नदी के पास पतारा बॉर्डर पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी बिधनू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर 2026 की है। डायल 112 पर सूचना मिली थी कि रिंद नदी के पास पतारा बॉर्डर पर बाइक और अज्ञात वाहन की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही बिधनू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पैशन प्रो बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली।

हादसे में घायल युवक की पहचान ब्रजेंद्र पुत्र बुध विलास (21) निवासी ग्राम डांडा मऊ, जनपद बांदा के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी बिधनू भिजवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

थाना प्रभारी बिधनू तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हैलट अस्पताल भेज दिया गया है। युवक के परिजनों को फोन पर घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद मौके से फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *