घाटमपुर में 36 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, तालाब से बुजुर्ग का शव बरामद

घाटमपुर में 36 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, तालाब से बुजुर्ग का शव बरामद

खरपतवार और दलदल के चलते शव निकालने में आई दिक्कत, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कानपुर नगर। घाटमपुर में एक तालाब में डूबे बुजुर्ग का शव करीब 36 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया। तालाब में खरपतवार और दलदल होने के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। नगर पालिका, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार शव की तलाश में जुटी रही। शव मिलने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घाटमपुर के गांधी नगर मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय सत्यनारायण मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बीती शनिवार देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह गुस्से में घर के पास स्थित तालाब में कूद गए। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाले अनिल और दिनेश मौके पर पहुंचे और उन्हें तालाब से बाहर निकाल लिया।

बताया जा रहा है कि करीब दो घंटे बाद सत्यनारायण दोबारा तालाब में कूद गए। परिजनों की आवाज सुनकर पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक वह तालाब के दलदल में डूब चुके थे। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।

सूचना मिलते ही घाटमपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बुजुर्ग की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तालाब में घनी खरपतवार और दलदल होने के कारण बचाव दल को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार प्रयासों के बाद करीब 36 घंटे में शव को तालाब से बाहर निकाला जा सका।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इंस्पेक्टर ने कही जांच की बात

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि तालाब में बुजुर्ग के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *