तालाब में दूसरी बार कूदे बुजुर्ग, दलदल में समाए; 16 घंटे से तलाश

तालाब में दूसरी बार कूदे बुजुर्ग, दलदल में समाए; 16 घंटे से तलाश

घाटमपुर में पत्नी से विवाद के बाद हुई घटना, एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

कानपुर नगर। गांधी नगर मोहल्ले में शनिवार देर रात पत्नी से विवाद के बाद तालाब में कूदे 55 वर्षीय बुजुर्ग सत्यनारायण की तलाश में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम जुटी हुई है। रविवार तक करीब 16 घंटे की मशक्कत के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। तालाब में फैली खरपतवार और दलदल के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है।

गांधी नगर निवासी सत्यनारायण मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार देर रात किसी बात को लेकर उनका पत्नी घसीटी देवी से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर के सामने स्थित तालाब में कूद गए। शोर सुनकर पड़ोसी अनिल और दिनेश ने उन्हें बाहर निकाल लिया। करीब दो घंटे बाद सत्यनारायण फिर तालाब में कूद गए। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक वह दलदल में डूब चुके थे।

परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद घाटमपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। रविवार सुबह नगर पालिका कर्मियों की मदद से तालाब में भी तलाशी की गई, लेकिन बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिला।

जेसीबी से हटवाई जा रही खरपतवार

तालाब में करीब आठ फीट तक खरपतवार फैली होने से तलाश में परेशानी हो रही है। जानकारी मिलने पर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह, तहसीलदार ओमप्रकाश और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। ईओ ने जेसीबी मंगवाकर खरपतवार हटवाने की व्यवस्था शुरू कराई। हालांकि, परिजनों और पड़ोसियों ने पहले बुजुर्ग की तलाश कराने की मांग की। इसके बाद तालाब के किनारे सफाई का काम शुरू कराया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम बुजुर्ग की तलाश में जुटी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *