बिल्हौर में विशेष शिविर, 26 दिव्यांगजनों को मौके पर मिले प्रमाण पत्र
44 दिव्यांगजनों का हुआ चिकित्सकीय परीक्षण, पेंशन और सहायक उपकरणों के लिए भी किया गया पंजीकरण
कानपुर नगर। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को बिल्हौर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विशेष शिविर लगाया गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण कर पात्र लोगों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही पेंशन और सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण भी किया गया।
शिविर में दिव्यांग बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कुल 44 दिव्यांगजनों का परीक्षण किया। इनमें 26 पात्र दिव्यांगजनों को मौके पर ही प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि 14 लोगों को अग्रिम जांच के लिए रेफर किया गया। वहीं, परीक्षण के बाद चार आवेदन निरस्त किए गए। इसके अलावा पांच दिव्यांगजनों का दिव्यांग पेंशन योजना के लिए पंजीकरण किया गया।
दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 16 लोगों को ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकृत किया गया। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पेंशन और सहायक उपकरणों से जुड़े आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
शिविर में चिकित्सा, पूर्ति, राजस्व, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समाज कल्याण और भारतीय डाक विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक जे. जैन, डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी, उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार यादव तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


