चलती ऑटो में शिक्षक को पीटकर लूटा, खाते से भी उड़ाए 43,600 रुपये
हनुमंत विहार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, लूट का मोबाइल और नकदी बरामद; दो आरोपी और ऑटो चालक फरार
कानपुर। चलती ऑटो में शिक्षक को पीटकर लूटने के मामले में हनुमंत विहार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शिक्षक का मोबाइल और नकदी लूटने के बाद उनसे यूपीआई पिन पूछकर खाते से 43,600 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए थे। इसके बाद उन्हें भौंती बाईपास के पास चलते ऑटो से नीचे फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और कुछ नकदी बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल ऑटो और दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पितृ विसर्जन के बाद घर लौटते समय हुई वारदात
कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित गोपाल विहार निवासी हरविंद कुमार गोंडा के बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक शिक्षक हैं। नौ अक्टूबर को वह पितृ विसर्जन के लिए अवकाश लेकर घर लौट रहे थे। रात करीब 9:40 बजे उन्होंने नौबस्ता चौराहे से भौंती बाईपास जाने के लिए ई-ऑटो पकड़ा। ऑटो में पहले से तीन-चार लोग सवार थे।
ऑटो के एलिवेटेड ट्रैक पर पहुंचते ही चालक के पास बैठा युवक पीछे आकर शिक्षक के पास बैठ गया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें दोनों ओर से घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने शिक्षक का मोबाइल और जेब में रखी नकदी छीन ली। इसके बाद यूपीआई पिन पूछकर उनके खाते से 43,600 रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने शिक्षक को चलते ऑटो से भौंती बाईपास के पास नीचे फेंक दिया और फरार हो गए।
बैंक खाते और मोबाइल नंबर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, पुलिस ने उस बैंक खाते और मोबाइल नंबर की मदद से आरोपियों की पहचान की, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेन पश्चिम पारा के अर्रा सागरपुरी निवासी हर्ष साहू और नौबस्ता में रेसकोर्स मैदान के पास रहने वाले निखिल यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुक्रवार को दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटा गया मोबाइल और कुछ नकदी बरामद की गई है।
दो आरोपी और ऑटो की तलाश में दबिश
डीसीपी साउथ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों और इस्तेमाल किए गए ऑटो की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


