कानपुर में तेल टैंकर ने महिला को रौंदा, मौत
पनकी की फैक्ट्री में ड्यूटी पर जाते समय हादसा, परिजनों ने सड़क पर हंगामा किया

कानपुर। कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल के पास एक तेल टैंकर ने महिला वर्कर को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान शाहपुर निवासी रूबी राजपूत के रूप में हुई है। वह पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में ड्यूटी करने जा रही थीं, तभी टैंकर की चपेट में आ गईं।
मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा
महिला की मौत की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतका के परिवार को मुआवजा देने और टैंकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसके चलते करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात
सूचना मिलने पर पनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अर्मापुर, कल्याणपुर और सचेंडी थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
करीब दो घंटे में प्रदर्शन समाप्त हो गया और सड़क पर आवागमन बहाल हो गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


