कानपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रयागराज जाते समय लखनऊ एयरपोर्ट पर रोकने को लेकर सपाइयों में आक्रोश भड़क गया है। कानपुर समेत आसपास के जिलों में सपा नेता व कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन के साथ सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास किया। कानपुर में पुतला फूंकने जा रहे सपाइयों की पुलिस से झड़प भी हो गई।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जाने से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को रोके जाने से सपाइयों में नाराजगी छा गई। सपा नेताओं ने तुरंत कार्यकर्ताओं को नवीन मार्केट स्थित शिक्षक पार्क में एकत्र किया और धरना प्रदर्शन की रणनीति बनाई। दोपहर बाद करीब तीन बजे तक सपाई शिक्षक पार्क पहुंच गए। अच्छी संख्या होने के बाद सपाइयों ने प्रदेश सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी निकालते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच जानकारी होते ही पुलिस बल भी पहुंच गया और सपाइयों को रोकने का प्रयास किया।
उग्र हुए सपा कार्यकर्ता पुलिस से उलझ गए। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया तो सपाइयों ने उसमें आग लगा दी। इसके बाद नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे। सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर तानाशाही का आरोप लगाया और धरना प्रदर्शन तेज करने की बात कही। यहां पर पार्टी नेता मोइन खान सरफराज समेत कई सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की पर सफल नहीं हुए। पुलिस ने पुतला छीनकर कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।